नैनीताल:राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को अपने कुमाऊं प्रवास के दौरान कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन किए। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राष्ट्रपति ने सम्पूर्ण मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
सुरक्षा कारणों से राष्ट्रपति के आगमन के दौरान कुछ समय के लिए भक्तों का प्रवेश अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। राष्ट्रपति के दर्शन पूर्ण होने के बाद मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए पुनः खोल दिया गया।
राष्ट्रपति मुर्मु इसके बाद कुमाऊं विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी, जहां वे मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह, आयुक्त, आईजी, डीएम, एसएसपी समेत केंद्र और राज्य की सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।

