नैनीताल: कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल में मंगलवार को आयोजित 20वें दीक्षांत समारोह में विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के हाथों पदक और उपाधियाँ प्रदान की गईं।
राष्ट्रपति से सम्मान प्राप्त कर मेधावी विद्यार्थियों के चेहरे गर्व और खुशी से खिल उठे। उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण रहा
डीएसबी परिसर की खुशी देवल (बीएससी एग्रीकल्चर) ने बताया कि उन्हें दो गोल्ड मेडल — वाइस चांसलर गोल्ड मेडल और गौरा देवी गोल्ड मेडल प्राप्त हुए हैं। रुद्रपुर निवासी खुशी ने कहा कि वे भविष्य में सिविल सर्विसेज में अपना करियर बनाना चाहती हैं।
इसी परिसर की राशि उप्रेती (अर्थशास्त्र) को वाइस चांसलर गोल्ड मेडल मिला। उन्होंने कहा कि वे आगे चलकर सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करेंगी।
हिमानी चौसाला (बीएससी एग्रीकल्चर) को दो गोल्ड मेडल — वाइस चांसलर गोल्ड मेडल और सीतारमन जिंदल गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। हिमानी ने कहा कि वे आगे पीएचडी करना चाहती हैं।
मीतू गोयल (चाणक्य लॉ) ने एलएलबी में तीन गोल्ड मेडल हासिल किए — वाइस चांसलर, गौरा देवी और ठाकुर इंदर सिंह नयाल गोल्ड मेडल। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के हाथों मेडल पाना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। वे आगे अधिवक्ता बनना चाहती हैं।
पिथौरागढ़ की अपर्णा जोशी (बी.एड.) को तीन गोल्ड मेडल — वाइस चांसलर, गौरा देवी और कमला देवी गोल्ड मेडल मिले। उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे गर्व का पल है। शिक्षकों की पुत्री अपर्णा ने बताया कि वे भी भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देना चाहती हैं।
हर्षिता सक्सेना (एमएससी रसायन विज्ञान) को वाइस चांसलर और गंगा बिष्ट स्मृति गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि वे शिक्षा के क्षेत्र में ही अपना करियर बनाना चाहती हैं।
डीएसबी परिसर के हर्षित तिवारी (पत्रकारिता) को दो गोल्ड मेडल मिले — स्वर्गीय मुरारीलाल माहेश्वरी स्मृति गोल्ड मेडल और वाइस चांसलर गोल्ड मेडल। उन्होंने बताया कि पत्रकारिता विभाग को पहली बार वाइस चांसलर गोल्ड मेडल मिला है। वे आगे पीएचडी करने की योजना बना रहे हैं।
