उत्तराखंड मौसम अपडेट
देहरादून: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तराखंड के मौसम में मंगलवार रात से बदलाव देखा गया है। राज्य के पर्वतीय जिलों में शीतलहर का असर बढ़ने के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में ठंड और कोहरे की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए 5 नवंबर को भी इसी तरह के मौसम बने रहने के संकेत दिए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड के मौसम को प्रभावित कर सकता है। 4 नवंबर की रात से ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की वर्षा और 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और उधमसिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है।
5 नवंबर तक सक्रिय रहेगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार 5 नवंबर को भी प्रदेश के अधिकतर पर्वतीय जिलों में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर बहुत हल्की वर्षा हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने की पूरी संभावना है।
6 नवंबर से रहेगा शुष्क मौसम
6 नवंबर के बाद मौसम सामान्य और शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि अगले दो दिनों तक कहीं-कहीं आकाशीय बिजली के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बारिश और बर्फबारी से विशेष रूप से पहाड़ी इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ेगा। वहीं, मैदानी जिलों में कोहरा छाने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

