लालकुआं/हल्द्वानी : नगर में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। वन विकास निगम के डिपो संख्या 5 के सामने तेज रफ्तार ओवरलोड डंपर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 1 निवासी 35 वर्षीय इस्राईल अपने एक साथी के साथ बाइक से हल्दूचौड़ की ओर से लालकुआं आ रहा था। इसी दौरान बाइक साइड लेने के प्रयास में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गई। हादसे में इस्राईल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि मृतक इस्राईल के छोटे भाई की भी तीन महीने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वहीं हादसे में शामिल ओवरलोड ट्रक आरबीएम (रेती-बजरी मिश्रण) से भरा हुआ था।
