हल्द्वानी: राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को नैनीताल जिलेभर में उल्लासपूर्ण और देशभक्ति के माहौल में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, विकास भवन भीमताल, जिला कार्यालय नैनीताल सहित सार्वजनिक स्थलों पर वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया।
मुख्य कार्यक्रम हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में भव्य रूप से आयोजित हुआ, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आरंभ कुमाऊं रेजीमेंट, रानीखेत के सेना बैंड दल की देशभक्ति धुनों से हुआ, जबकि खटीमा के प्रसिद्ध गायक शेरी सिंगर ने ‘वंदे मातरम’ और अन्य देशभक्ति गीतों से वातावरण को भावनात्मक बना दिया।
कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कोश्यारी ने कहा कि “वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता के सम्मान, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का शाश्वत मंत्र है।” उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन के दौरान इस गीत ने करोड़ों भारतीयों के भीतर अदम्य साहस और एकता की भावना को जागृत किया था।
कोश्यारी ने आगे कहा कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होना मातृभूमि के प्रति समर्पण, कर्तव्य और जिम्मेदारी को पुनः स्मरण करने का अवसर है।”
कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और आम नागरिकों ने राष्ट्रगीत के सुरों के साथ भारत माता के जयघोष लगाते हुए देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत माहौल बना दिया।
