देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह के अवसर पर राज्य को 8260 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी। इन परियोजनाओं में पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर 28,000 किसानों के खातों में फसल बीमा योजना के तहत 62 करोड़ रुपये की राशि भी जारी की।
प्रधानमंत्री मोदी देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए। इससे पहले उन्होंने राज्य के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया और हितधारकों से संवाद भी किया। उन्होंने इस दौरान उत्तराखंड राज्य स्थापना की स्मृति में विशेष डाक टिकट भी जारी किया।
लोकार्पित परियोजनाएं
अमृत योजना के तहत देहरादून के 23 जोनों में पेयजल आपूर्ति परियोजना।
पिथौरागढ़ विद्युत उपकेंद्र का शुभारंभ।
सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना।
हल्द्वानी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड का उद्घाटन।
शिलान्यास की गई परियोजनाएं
सौंग बांध पेयजल परियोजना।
जमरानी बहुउद्देशीय परियोजना, नैनीताल।
नए विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना।
चंपावत में महिला खेल महाविद्यालय की स्थापना।
नैनीताल में अत्याधुनिक दुग्ध संयंत्र का निर्माण।
पीएम मोदी ने कहा
“उत्तराखंड की धरती देवभूमि है और यहां का हर व्यक्ति परिश्रम और संकल्प का प्रतीक है। राज्य तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और केंद्र सरकार उसकी हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।”
