नैनीताल: उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर जिला पर्यटन विकास विभाग, कुमाऊँ मंडल विकास निगम एवं होटल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में डीएसए मैदान, नैनीताल में आयोजित दो दिवसीय फूड फेस्टिवल का रविवार को रंगारंग समापन हुआ।
मुख्य अतिथि कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने फूड फेस्टिवल में भाग लेने वाले 16 होटल एवं रेस्टोरेंट प्रतिनिधियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यटकों ने उत्तराखंड के पारंपरिक एवं स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया। कुमाऊँ मंडल विकास निगम का मास का चौसा, कुमाऊँ विश्वविद्यालय के छात्रों का गहत के कबाब, अनुपम रेस्टोरेंट का गणों का सूप और अन्य पारंपरिक व्यंजन जैसे शिकारी भात आकर्षण का केंद्र बने।
फेस्टिवल में अनुज साह बैंड ग्रुप ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे माहौल उत्सवमय हो गया।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य पर्यटकों को उत्तराखंड की पारंपरिक खानपान संस्कृति से परिचित कराना है। होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा लगाए गए स्टालों पर विविध प्रकार के देशी व पहाड़ी व्यंजन परोसे गए, जिनका पर्यटकों ने भरपूर आनंद उठाया।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल स्थानीय व्यंजनों को पहचान दिलाते हैं बल्कि पर्यटन को भी नई ऊँचाइयाँ देते हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक, पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, एसडीएम धारी अंशुल भट्ट सहित कई अधिकारी, होटल व्यवसायी एवं पर्यटक उपस्थित रहे।

