हल्द्वानी: जमरानी क्षेत्र के डहरा गांव में रविवार सुबह करंट लगने की दर्दनाक घटना सामने आई। इस हादसे में 12 वर्षीय किशोरी सहित चार लोग झुलस गए। मां-बेटी की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद परिजनों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, विद्युत वितरण खंड भीमताल डिविजन के अंतर्गत आने वाले डहरा गांव में सुबह बिजली गुल थी। कुछ देर बाद बिजली आई तो जीवन पांडे के घर के फर्श पर करंट फैल गया। बताया जा रहा है कि फर्श पर पानी जमा था, जिसके संपर्क में आने से उनकी बेटी साक्षी पांडे (12) करंट की चपेट में आ गई। बेटी को बचाने पहुंचीं भावना पांडे को भी जोरदार झटका लगा।
घटना के दौरान पड़ोसी मनीषा शर्मा (21) और भूमिका (19) भी हल्के करंट की चपेट में आईं। आनन-फानन में सभी को उपचार के लिए बेस अस्पताल हल्द्वानी ले जाया गया, जहां साक्षी को आईसीयू में भर्ती किया गया। शाम तक उसकी स्थिति में सुधार होने पर उसे सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया, जबकि भावना की हालत स्थिर बताई जा रही है।
परिजनों का आरोप है कि यूपीसीएल की लापरवाही से यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि बिजली आने के बाद घर में वोल्टेज का उतार-चढ़ाव हुआ, जिससे करंट फैल गया।
वहीं, भीमताल एसडीओ ने बताया कि विभाग को मामले की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन सूचना मिलने पर जांच की जाएगी।
