हल्द्वानी: शहर के ऊंचापुल क्षेत्र में सोमवार को कवरेज के दौरान पत्रकार दीपक अधिकारी पर कुछ दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना के दौरान आरोपियों ने पहले पत्रकार से विवाद किया और फिर उन्हें करीब 20 फीट ऊंचाई से नीचे फेंक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल पत्रकार को तुरंत कृष्णा हॉस्पिटल (नैनीताल रोड) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इस घटना ने पत्रकार जगत में गंभीर आक्रोश पैदा कर दिया है। पत्रकारों ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित पत्रकार की तहरीर पर थाना मुखानी पुलिस ने आरोपियों अजीत चौहान और अनिल चौहान के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की नीयत से हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया कि 7 नवंबर 2025 को भी इसी गैंग ने एक अन्य पत्रकार से गाली-गलौज और मारपीट की थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने इसे अत्यंत निंदनीय और अक्षम्य कृत्य बताते हुए एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में एक विशेष जांच टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।
नैनीताल पुलिस का संदेश:
“कानून को अपने हाथ में लेने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा।”
