हल्द्वानी: ऊंचा पुल क्षेत्र में अवैध निर्माण की कवरेज के दौरान पत्रकार दीपक अधिकारी पर हुए हमले के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार तड़के नगर प्राधिकरण की टीम ने नजूल भूमि पर बन रही निर्माणाधीन इमारत को ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले पत्रकार दीपक अधिकारी ने नहर किनारे हो रहे अतिक्रमण की रिपोर्टिंग की थी। इसी दौरान क्षेत्र के कुछ दबंगों ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें फिलहाल कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पत्रकारों ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, प्रशासन ने भी मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया है कि अवैध कब्जे और पत्रकारों पर हमले जैसे मामलों में कोई भी नरमी नहीं बरती जाएगी।
