नैनीताल: कुमाऊं कमिश्नर एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने मंगलवार को रामगढ़ ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम सतौली में एक व्यक्ति द्वारा वन पंचायत भूमि पर होटल प्रोजेक्ट निर्माण की शिकायत की जांच की।
निरीक्षण में पाया गया कि निर्माण कार्य के लिए कोई आवश्यक अनुमति प्राप्त नहीं की गई थी।
इस पर कमिश्नर ने मौके पर मौजूद जेसीबी मशीनों को सीज करने और संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक चालान कार्रवाई के निर्देश दिए।
भीमताल-भवाली मार्ग पर हादसे, प्राधिकरण जेई को नोटिस
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर को जानकारी मिली कि भीमताल-भवाली मार्ग पर निर्माण मलबे के कारण पिछले एक माह में लगभग 17 दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं।
हाल ही में एक स्कूटी भी फिसलकर गिर गई।
इस पर उन्होंने सचिव प्राधिकरण को तत्काल जांच के निर्देश दिए और जेई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए। साथ ही निर्माण कर रहे कॉन्ट्रेक्टर पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इस मौके पर सचिव प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ला, एसडीएम नवाजिश खलीक, जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी और लोनिवि अधिकारी मौजूद रहे।
नौ सीटर वैन में 23 बच्चे, कमिश्नर ने वाहन सीज किया
भ्रमण के दौरान एक निजी विद्यालय की 9 सीटर वैन में 23 बच्चों को ठूंसा गया पाया गया। इस पर कमिश्नर दीपक रावत ने वाहन को तत्काल सीज करने और चालक का लाइसेंस जब्त करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल के प्रधानाचार्य को बुलाकर कड़ी चेतावनी दी गई।
