ऋषिकेश: ऋषिकेश के शिवपुरी क्षेत्र में स्थित थ्रिल फैक्ट्री एडवेंचर पार्क में बुधवार को बंजी जंपिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जंप करते समय अचानक बंजी की रस्सी टूट गई, जिससे 24 वर्षीय युवक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों में रोष फैल गया है। पर्यटन विभाग ने तत्काल एक्शन लेते हुए एडवेंचर पार्क की सभी साहसिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।
कैसे हुआ हादसा–
मुनि की रेती थाना प्रभारी प्रदीप चौहान के अनुसार, हरियाणा के गुड़गांव निवासी सोनू कुमार (24) बुधवार शाम बंजी जंपिंग करने पहुंचे थे। जंप करते समय रस्सी टूट गई और युवक टिन की छत पर गिर गया। घायल सोनू को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि युवक एक यूट्यूब व्लॉगर है और प्रमोशन वीडियो शूट करने आया था।
हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जंप के दौरान रस्सी टूटने का क्षण साफ दिखाई दे रहा है। घटना ने पार्क की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कंपनी के खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता लगातार बंजी जंपिंग कंपनी के सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठा रहे हैं।
कंपनी का पक्ष
थ्रिल फैक्ट्री के जनरल मैनेजर राजेश ने कहा कि हादसे की जांच की जा रही है। उनका दावा है कि सभी उपकरण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप लगाए गए हैं और बंजी जंपिंग में 1% जोखिम प्राकृतिक रूप से मौजूद रहता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सुरक्षा मानकों का पूरा पालन किया जाता है।
टिहरी गढ़वाल के जिला पर्यटन अधिकारी सुबोध सिंह राणा ने बताया कि घटना की प्राथमिक जांच के बाद कंपनी की सभी साहसिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
