रामनगर: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने डीएलएड (D.El.Ed.) प्रवेश परीक्षा 2025 के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। प्राथमिक शिक्षक पद हेतु दो वर्षीय डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रवेश के लिए यह परीक्षा 22 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा आयोजन को लेकर बोर्ड मुख्यालय स्थित एनेक्सी सभागार में नोडल अधिकारियों और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बोर्ड सचिव वी.पी. सिमल्टी ने बताया कि परीक्षा सुबह 10:00 बजे से 12:30 बजे तक होगी। इस बार कुल 40,571 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। राज्यभर के 29 परीक्षा शहरों और 151 केंद्रों में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
जिन अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड या डाउनलोडिंग में समस्या आ रही है, वे 20 और 21 नवंबर को अपने प्रथम परीक्षा शहर के नोडल केंद्र पर जाकर समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
इसके लिए उन्हें साथ लाना होगा—
ऑनलाइन आवेदन पत्र की प्रति
दो पासपोर्ट साइज फोटो
एक वैध पहचान पत्र
शपथ पत्र
अपर सचिव बीएमएस रावत, उप सचिव सुषमा गौरव और शोधाधिकारी शैलेन्द्र जोशी ने व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि—
सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और मॉनिटरिंग कड़ी हो
नकल-विहीन एवं पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित की जाए
परीक्षा दिवस पर व्यवस्थाओं की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी
बैठक का संचालन शोधाधिकारी शैलेन्द्र जोशी ने किया।
शिक्षा परिषद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे—परीक्षा से पूर्व सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ें, निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचे, आवश्यक दस्तावेज और पहचान पत्र साथ रखें
राज्यभर में बड़े पैमाने पर आयोजित इस परीक्षा का परिणाम हजारों युवाओं के भविष्य को प्रभावित करेगा, इसलिए परिषद परीक्षा को सफल और सुचारू बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
