हल्द्वानी: नैनीताल रोड स्थित जजी परिसर में गुरुवार दोपहर दो परिवार अदालत में पेशी के दौरान आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि ससुर ने दामाद के सिर पर ईंट से वार किया और इसके बाद समधन की कलाई पर दांत काट दिया। घायल दामाद किसी तरह कोर्ट रूम में पहुंचा, जहां से उसे पुलिस के पास भेजा गया। कोतवाली पुलिस अब पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
गोरापड़ाव हरिपुर पूर्णानंद निवासी 32 वर्षीय हेमंत कुमार आगरी ने बताया कि वह चालक का काम करते हैं और पारिवारिक न्यायालय में उनका वाद विचाराधीन है। मायके में रह रही पत्नी को वापस लाने के लिए भी उन्होंने अदालत में याचिका दायर की हुई है। गुरुवार को इस मामले में उनकी दूसरी काउंसलिंग की तारीख थी। पत्नी अपने पिता के साथ और हेमंत अपने पिता वीरपाल, मां नीमा देवी और बहन जया के साथ अदालत पहुंचे थे।
जजी परिसर में पत्नी और ससुर से आमना-सामना होने पर हेमंत ने बच्चे की हालचाल पूछी, जिस पर बात बिगड़ गई। आरोप है कि ससुर ने गुस्से में ईंट उठाकर हेमंत के सिर पर दे मारी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। बीचबचाव करने पहुंची हेमंत की मां नीमा की कलाई पर भी दांत काट दिया गया। मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं ने दोनों पक्षों को किसी तरह अलग किया। खून से लथपथ हेमंत कोर्ट रूम में पहुंचा, जहां से उसे कोतवाली भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अमर चंद्र शर्मा ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है और मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ननद-भाभी भी भिड़ गईं
घटना के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि अधिवक्ताओं को बीच में आकर काफी मशक्कत करनी पड़ी। ससुर-दामाद को अलग कराया जा ही रहा था कि दूसरी ओर ननद और भाभी के बीच भी झगड़ा शुरू हो गया। काफी प्रयासों के बाद अधिवक्ताओं ने दोनों को अलग करवाया।
