हल्द्वानी: संदिग्ध मांस मिलने पर देर रात हुआ बवाल, रेस्टोरेंट पर हमला और कई वाहन क्षतिग्रस्त, सीसीटीवी फुटेज में सामने आया सच, अब हालत काबू में…वीडियो
हल्द्वानी: उजाला नगर क्षेत्र में रविवार देर शाम सड़क किनारे संदिग्ध मांस जैसा टुकड़ा मिलने की सूचना पर अचानक अफरा-तफरी फैल गई। देखते ही देखते इलाके में तनाव बढ़ने लगा और लोगों की भीड़ इकट्ठा होने लगी। कुछ संगठनों के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी।
घटना के दौरान कुछ अराजक तत्वों ने बरेली रोड पर पथराव कर दिया और कई वाहनों में तोड़फोड़ की। एक डीलक्स रेस्टोरेंट पर भी भीड़ ने हमला कर अंदर नुकसान पहुंचाया, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा कारणों से रेस्टोरेंट को बंद करवा दिया।
उपद्रवियों ने एक कार में भी भारी तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल का प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। उपद्रव में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि बाकी मौके से फरार हो गए। इसी दौरान एक ऑटो चालक पर भी हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि मौके से मिला संदिग्ध मांस का टुकड़ा असल में एक कुत्ते द्वारा किसी अन्य स्थान से खींचकर लाया गया था। CCTV फुटेज में साफ दिखाई दिया कि कुत्ता जंगल की ओर से अवशेष उठाकर लाता है। स्था
नीय स्तर पर जांच में भी यह संकेत मिले कि जंगल क्षेत्र में किसी पशु के ब्याने के बाद यह हिस्सा बाहर आ गया था। अवशेष को पुलिस ने कब्जे में लेकर लैब जांच हेतु भेज दिया है।
तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने संबंधित संगठनों को पूरी जानकारी दी, जिससे माहौल धीरे-धीरे शांत होने लगा। हालांकि इस बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर भीड़ इकट्ठा कर शहर के अन्य हिस्सों में तनाव बढ़ाने और तोड़फोड़ करने की कोशिश की।
पुलिस सभी उपद्रवियों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
तनावपूर्ण स्थिति को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल, PAC और अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार क्षेत्राधिकारी, सभी थानाध्यक्ष और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी फील्ड में सक्रिय रहेंगे।
आवश्यकता पड़ने पर पैरामिलिट्री फोर्स भी लगाई जाएगी। पुलिस ने फ्लैग मार्च कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में उपद्रव करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पूरे शहर में अभिसूचना तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है और उपद्रवी तत्वों की वीडियोग्राफी कर कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी लगातार सक्रिय है और किसी भी भड़काऊ पोस्ट, मैसेज या अफवाह फैलाने वाले पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनपद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, किसी भी सूचना की पुष्टि के बिना उसे आगे न फैलाएं और शांति बनाए रखें। पुलिस के अनुसार हल्द्वानी की स्थिति अब सामान्य है और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
