नैनीताल: वृंदावन पब्लिक स्कूल में रविवार को आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह बेहद रंगारंग और आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस गुहानाथन नरेंद्र शामिल हुए, जिन्होंने बच्चों की प्रतिभा की जमकर सराहना की।
समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ, जिसके बाद कुमाऊँनी लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह से भर दिया।
बच्चों ने कुमाऊँनी सांस्कृतिक धरोहर को मंच पर जीवंत किया और अपनी प्रतिभा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गुजराती डांडिया और लोकगीतों पर हुए नृत्य ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
राधा पर आधारित नृत्यनाटिका कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। वहीं अंग्रेजी गीत-संगीत पर प्रस्तुत आधुनिक नृत्य और फिल्मी धुनों पर बच्चों के प्रस्तुत डांस ने दर्शकों को तालियों से सभागार गूँजने पर मजबूर कर दिया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि चीफ जस्टिस गुहानाथन नरेंद्र ने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियों ने उन्हें अपने बचपन की याद दिला दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारने में बेहतरीन कार्य कर रहा है और भविष्य में और भी प्रगति करेगा।
प्रधानाचार्य राखी साह ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और अतिथियों व अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, कुमाऊँ मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, कूर्मांचल बैंक के अध्यक्ष विनय साह, आशा फाउंडेशन की संस्थापक आशा शर्मा, लॉन्गव्यू पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य बीसी त्रिपाठी, रामा मॉन्टेसरी स्कूल की निदेशक नीलू एलहंस और भाजपा नेता मोहित आर्या समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
