हल्द्वानी: हल्द्वानी की निवासी सीमा खंडूजा द्वारा आटे में घुन और कीड़े मिलने की शिकायत के बाद मंडलायुक्त दीपक रावत ने संबंधित दुकान से खरीदे गए आटे का सैंपल खाद्य सुरक्षा अधिकारी को जांच के लिए सौंप दिया है। उन्होंने दुकान के आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगालने और राशन की दुकान से अलग से सैंपल लेकर परीक्षण करने के निर्देश भी दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, जजी कोर्ट के पास रहने वाली सीमा खंडूजा ने बताया कि उन्होंने 4 नवंबर को नैनीताल रोड स्थित एसबीआई के पास लालता प्रसाद–बसंत कुमार की राशन दुकान से आटा खरीदा था। उक्त आटे की रोटियां खाने के बाद उनके और उनके पति के पेट में दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद 12 नवंबर को जब उन्होंने आटा छाना तो उसमें घुन और कीड़े निकले। मामला सामने आने पर महिला ने उपभोक्ता फोरम में वाद दायर किया और मंडलायुक्त को भी आटे का सैंपल दिखाया।
मंडलायुक्त रावत ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, दुकान स्वामी का कहना है कि उनकी चक्की खराब है और वे दूसरी कंपनी का पैक्ड आटा बेच रहे हैं।
