उत्तराखंड मौसम अपडेट
उत्तराखंड: प्रदेश में लंबे समय से बारिश न होने के कारण पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक सूखी ठंड लगातार बढ़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी कुछ और दिनों तक प्रदेशभर में इसी तरह का शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है।
पोस्ट-मानसून बारिश न होने से दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। सुबह-शाम ठंड काफी बढ़ गई है, जबकि मैदानी इलाकों में कोहरे की स्थिति बनने लगी है। दिन में अधिकतम तापमान में गिरावट के चलते ठंड का एहसास बढ़ रहा है, वहीं रात में न्यूनतम तापमान भी घट रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 26 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो देहरादून में नवंबर महीने में औसतन 9.5 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार अब तक एक भी बूंद नहीं गिरी है। पूरे प्रदेश में औसत 4.4 मिमी बारिश दर्ज होनी चाहिए, लेकिन अभी तक यह आंकड़ा शून्य बना हुआ है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सूखी ठंड से राहत तभी मिलेगी जब प्रदेश में बारिश होगी। गुरुवार को देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री बढ़कर 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
