अल्मोड़ा: पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चितई के पास कालीधार बैंड में रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। दो कारों की आमने–सामने जोरदार भिड़ंत के बाद एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दंपत्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन स्थानीय लोगों की सूझबूझ और पुलिस–एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से उनकी जान बचाई जा सकी।
जानकारी के अनुसार, मारुति स्विफ्ट (UK 04 AE 0754) और मारुति K10 (UP 32 DK 6325) के बीच कालीधार बैंड पर आमने-सामने टक्कर हुई। बताया जा रहा है कि K10 गाड़ी बाड़ेछीना से अल्मोड़ा की ओर आ रही थी। भिड़ंत इतनी तेज थी कि K10 कार खाई में गिरते हुए नीचे एक पेड़ के पास जाकर अटक गई।
कार में हल्द्वानी आरटीओ रोड निवासी 58 वर्षीय मोहन सिंह नेगी और उनकी पत्नी 52 वर्षीय राधिका नेगी सवार थे।
एसडीआरएफ–पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व एसडीआरएफ को जानकारी दी। एसडीआरएफ टीम के उपनिरीक्षक पंकज सिंह के नेतृत्व में टीम ने गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू कार्य शुरू किया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल अल्मोड़ा भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन समय पर रेस्क्यू होने से स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है।
