उत्तराखंड मौसम अपडेट
उत्तराखंड: नवंबर का आखिरी हफ्ता चल रहा है, लेकिन अब तक आसमान से एक बूंद भी बारिश नहीं गिरी है। बारिश की कमी ने पहाड़ से लेकर मैदान तक लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दिन ढलते ही पहाड़ी जिलों में सिहरन भरी ठंड और मैदानी इलाकों में गहरा कोहरा माहौल को और ज्यादा ठंडा बना रहा है।
नैनीताल, भुवाली, भीमताल से लेकर देहरादून तक मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है। दोपहर बाद छाने वाला कोहरा तापमान को और गिरा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि पोस्ट–मॉनसून बारिश न होने से दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम में ठिठुरन बढ़ गई है, जबकि मैदानी इलाकों में भी कोहरे की परत छाई हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान लगातार नीचे जा रहा है, वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम दर्ज हो रहा है। इसका सीधा असर आम लोगों की दिनचर्या पर पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने साफ कहा है कि 26 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। जहां नवंबर में सामान्यत: लगभग 9.5 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार आकड़ा शून्य है। पूरे उत्तराखंड में औसत 4.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक बारिश बिल्कुल नहीं हुई।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बारिश होती है, तो कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है, इसलिए आने वाले दिनों में ठंड और कोहरा दोनों तेजी से बढ़ेंगे।
