चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नारायणबगढ़ क्षेत्र के छैकुड़ा गांव में एक व्यक्ति ने आपसी विवाद के चलते अपनी पत्नी की हत्या कर दी और शव को नाले में दबाकर छिपाने की कोशिश की। यह वारदात सोमवार, 24 नवंबर को हुई थी, जिसका खुलासा पुलिस ने बुधवार, 26 नवंबर को किया।
बुधवार को पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महिला का शव बरामद कर लिया। जानकारी के अनुसार, छैकुड़ा निवासी महावीर प्रसाद देवली का सोमवार दोपहर अपनी पत्नी दमयंती देवी (51) से किसी बात पर विवाद हो गया था। गुस्से में आकर उसने पत्थर से वार कर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद रात में वह शव को गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर एक नाले में ले गया और पत्थरों से दबाकर छुपा दिया।
अगले दिन मंगलवार को दंपति का बड़ा बेटा विनय देवली, जो नारायणबगड़ से देहरादून टैक्सी चलाता है, घर पहुंचा। मां के न मिलने पर उसने पिता से पूछा, लेकिन महावीर स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। विनय ने गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन की, पर कुछ पता न लगने पर उसने रात में ही पुलिस चौकी नारायणबगढ़ में मां के लापता होने की रिपोर्ट दी।
बुधवार सुबह पुलिस टीम गांव पहुंची और जांच शुरू की। पति के बयान संदिग्ध लगे, और सख्ती से पूछताछ करने पर महावीर प्रसाद टूट गया और उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने नाले से दमयंती देवी का शव बरामद कर लिया।
थाना प्रभारी थराली विनोद चौरसिया ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है।
