हल्द्वानी: राजपुरा क्षेत्र के राजेंद्र नगर में पारिवारिक विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया, जहां 47 वर्षीय दर्जी राकेश सक्सेना उर्फ टीटू की उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पत्नी से विवाद के बाद राकेश ने पहले उस पर चाकू से हमला करने की कोशिश की, लेकिन बेटे के बीचबचाव के कारण उसे रोक लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, 23 नवंबर की शाम दुकान से घर लौटने के बाद राकेश और उसकी पत्नी के बीच बहस शुरू हो गई। झगड़ा बढ़ने पर राकेश ने चाकू उठाया, लेकिन बेटे ने समय रहते चाकू हथिया लिया। इसके बाद राकेश घर से निकलकर अपनी दुकान गया और वहां से एक बड़ी कैंची लेकर वापस आया। यह देखते ही उसकी पत्नी घबरा गई और खुद को बाथरूम में बंद कर लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, राकेश शराब के नशे में था और गुस्से में उसने कैंची से अपने ही पेट पर लगातार तीन प्रहार कर दिए। गंभीर हालत में उसे तत्काल बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एसटीएच रेफर किया गया। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। एसएसआई रोहिताश सागर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और पड़ोसी परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
