नैनीताल। शहर में ठंड के कारण एक अज्ञात व्यक्ति की मौत होने का मामला सामने आया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात पॉलिटेक्निक के समीप एक व्यक्ति लोगों को मूर्छित अवस्था में सड़क पर गिरा हुआ मिला। स्थानीय सभासद भगवत रावत ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे कांस्टेबल मनोज जोशी उस व्यक्ति को तुरंत अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसएसआई दीपक बिष्ट ने बताया कि अभी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। हुलिए से वह व्यक्ति मजदूर वर्ग का प्रतीत हो रहा है। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि काफी देर तक ठंड में रहने के कारण उसकी मौत हुई होगी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही असली कारण सामने आ पाएगा।
कांस्टेबल मनोज जोशी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के लिए नेपाली मजदूरों सहित अन्य लोगों से लगातार संपर्क किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई पहचान नहीं हो पाई है।
