हहल्द्वान शनिवार देर रात हुई कार्रवाई के बाद अब एक बड़ा अपडेट सामने आया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और दिल्ली पुलिस–STF की संयुक्त टीम द्वारा पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए बनभूलपुरा की बिलाली मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद आसिम क़ासमी और उजाला नगर निवासी एक इलेक्ट्रीशियन को पूरी तरह क्लीन चिट दे दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों व्यक्तियों से राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत और तकनीकी पूछताछ की गई थी। पूछताछ के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक तथ्य सामने न आने पर एजेंसियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक रिहा कर दिया।
रिहाई से पहले पुलिस ने दोनों का बेस अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद उन्हें औपचारिक रूप से बिलाली मस्जिद कमेटी के सुपुर्द किया गया। पूरे घटनाक्रम में एजेंसियों ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए पूछताछ को बेहद गोपनीय और पेशेवर ढंग से पूरा किया।
शनिवार रात दिल्ली पुलिस और देहरादून STF की संयुक्त कार्रवाई ने शहर में हलचल पैदा कर दी थी। इसके बाद से लगातार विभिन्न एजेंसियाँ इस ऑपरेशन के कारणों और परिणामों को लेकर सक्रिय थीं। अब दोनों व्यक्तियों को क्लीन चिट मिलने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है।
इसी क्रम में नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में भी एक व्यक्ति से सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ की गई थी। नैनीताल पुलिस, STF और केंद्रीय एजेंसियों ने सभी व्यक्तियों से पूछताछ के दौरान आवश्यक बिंदुओं और पहलुओं पर जानकारी एकत्र की और प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें नियमानुसार रिहा कर दिया।
