नैनीताल: नंदा गौरा योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि अब बढ़ा दी गई है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के निर्देशों के बाद विभाग ने नई अंतिम तिथि 20 दिसंबर निर्धारित की है। इससे पहले योजना के लिए आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 30 नवंबर तय थी।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि कन्या जन्म आधारित लाभ और 12वीं पास करने के बाद मिलने वाली वित्तीय सहायता के लिए अब तक 30 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जन मिलन कार्यक्रमों के दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों से यह शिकायत सामने आई थी कि पात्र होने के बावजूद लोग विभिन्न कारणों से समय पर आवेदन नहीं कर पाए। इसी वजह से सबको मौका देने के लिए आवेदन की तारीख बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
मंत्री रेखा आर्या ने यह भी स्पष्ट किया कि प्राप्त सभी आवेदनों में आवश्यक सुधार के लिए 21 दिसंबर से 31 दिसंबर तक का समय दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस अवधि के बाद तिथि को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा, इसलिए सभी पात्र आवेदकों को निर्धारित समय के भीतर ही आवेदन करना होगा।
