लालकुआं: लालकुआं के हल्दूचौड़ मुख्य बाजार क्षेत्र में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब स्थानीय व्यापारी दंपत्ति अपने ही भवन के ग्राउंड फ्लोर में बने अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके हुए मिले। सुबह गोदाम के कमरे खोले जाने पर परिजनों ने दोनों को इस हालत में पाया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, जिसके आधार पर आगे जांच की जाएगी।
मृतक 72 वर्षीय व्यापारी रमेश दुम्का और उनकी 60 वर्षीय पत्नी कमला दुम्का बीते कुछ समय से तनाव में थे। सूत्रों के अनुसार रमेश दुम्का व्यापार में चल रहे नुकसान और बेटे की आर्थिक देनदारियों को लेकर काफी परेशान रहते थे। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और घटना की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
