ट्रक ने 5 गाड़ियों को मारी टक्कर
देहरादून: कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत आज सुबह मोहब्बेवाला के पास खड़ी गाड़ियों में आशारोड़ी से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयानक था कि ट्रक ने एक के बाद एक पाँच गाड़ियों को टक्कर मार दी और सड़क किनारे स्थित दुकानों में घुसकर पलट गया। अचानक हुए हादसे से आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुँची और राहतकार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।
हादसे के दौरान सीमेंट से भरे ट्रक की डीजल टंकी फटने से डीजल सड़क पर फैलने लगा, जिसके बाद फायर स्टेशन को भी सूचना दी गई। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार सुबह मोहब्बेवाला चौक आईएसबीटी कोतवाली पटेल नगर पर एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और सीपीयू मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक ट्रक मोहब्बेवाला के पास बैक हो रहा था, जिससे चौक पर कई छोटी गाड़ियां रुकी थीं।
इसी दौरान आशारोड़ी की तरफ से आ रहा सीमेंट से भरा तेज रफ्तार ट्रक आया और जाम में खड़ी तीन कारों, एक ट्रक और एक ऑटो को जोरदार टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के बाद ट्रक दुकानों में घुस गया और पलट गया।
टक्कर के बाद आसपास लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और कारों में फंसी सवारियों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त छोटे वाहनों को हटाकर सड़क को खाली कराया। ट्रक को हटाने के लिए हाइड्रा क्रेन मंगाई गई।
फिलहाल यातायात सामान्य कर दिया गया है। वहीं ट्रक की डीजल टंकी फटने से सड़क पर डीजल लीक होने की सूचना फायर स्टेशन को भी दी गई।
कोतवाली पटेल नगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि सीमेंट से भरे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अन्य वाहनों की सवारियों को भी हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि जिस ट्रक ने टक्कर मारी, उसकी जानकारी जुटाई जा रही है कि हादसा किस कारण हुआ। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
