तस्करों ने एसटीएफ टीम पर चलाई गोली.
हल्द्वानी/खन्स्यु: नैनीताल जिले के खन्स्यु क्षेत्र से शनिवार शाम एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की टीम पर अज्ञात बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। इस हमले में एसटीएफ के सिपाही भूपेंद्र मर्तोलिया और एक स्थानीय व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गए।
घटनास्थल पर तनाव, घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया
फायरिंग की सूचना मिलते ही एसएसपी मंजूनाथ टीसी पुलिस टीम के साथ तुरंत अस्पताल पहुंचे और घायल जवान की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
घायल एसटीएफ सिपाही भूपेंद्र मर्तोलिया को हल्द्वानी के कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एसटीएफ टीम को खन्स्यु क्षेत्र में अवैध तस्करी से संबंधित महत्वपूर्ण सूचना मिली थी। टीम जब मौके पर पहुँची, तभी अज्ञात बदमाशों ने बिना चेतावनी के गोली चला दी और मौके से फरार हो गए।
क्षेत्र में हाई अलर्ट
फायरिंग की घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संदिग्धों की तलाश में पुलिस और एसटीएफ की टीमें कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही हैं। सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर चेकिंग सख्त कर दी गई है।
एसटीएफ और जिला पुलिस घटना का सुराग जुटाने में लग गई है और तस्करों की पहचान के लिए इलाके के संदिग्धों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
