नैनीताल: नैनीताल जिले में लगातार सड़क हादसे बढ़ते जा रहे हैँ। बीते दिन शुक्रवार को घूमने आए पर्यटकों का वाहन अनियत्रित होकर श्यामखेत के पास खाई में जा गिरा।
हादसे में प्रवीण सिंह उम्र 30 वर्ष, गौतमबुद्ध नगर नोएडा के रहने वाले और दीपक कुमार उम्र करीब 34 वर्ष, रामपुरी मुजफ्फरनगर के निवासी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक अलग-अलग वाहनों से सैलानियों को नैनीताल के निकट भवाली घुमाने के लिए लाए थे।
पर्यटकों को उनके गंतव्य पर उतारने के बाद दोनों एक ही कार में सवार होकर आगे जा रहे थे। इसी बीच श्यामखेत के निकट अचानक उनकी कार नियंत्रण से बाहर हो गयी और खाई में जा गिरी।
घंटना स्थल में उपस्थित स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने दीपक कुमार की हालत को गंभीर बताते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। एसएसआई आसिफ खान ने बताया कि दोनों युवक घायल हैं और फिलहाल किसी तरह की तहरीर नहीं मिली है।
