नैनीताल: आगामी विंटर कार्निवाल, नैनीताल महोत्सव, क्रिसमस, 31 दिसंबर और नववर्ष 2026 के दौरान भारी संख्या में पर्यटकों के आगमन को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में विभिन्न विभागों और स्टेकहोल्डर्स के साथ समन्वय गोष्ठी की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, डीएफओ, सीएमओ, एआरटीओ, जिला पर्यटन अधिकारी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट और आपात व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसएसपी ने बताया कि 22 दिसंबर से जनपद में विंटर कार्निवाल आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 22 दिसंबर को नैनीताल से कैंची धाम तक ट्रैकिंग, 23 से 25 दिसंबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रम और 26 दिसंबर को फूड फेस्टिवल आयोजित होगा। इसके अलावा क्रिसमस, नववर्ष और 31 दिसंबर को देखते हुए विशेष ट्रैफिक और सुरक्षा प्लान लागू किया जाएगा।
- बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय / निर्देश-
नैनीताल के लिए नारायण नगर को मुख्य पार्किंग स्थल बनाया जाएगा। पार्किंग भरने की स्थिति में नारायण नगर से शटल सेवा संचालित की जाएगी।
- सभी पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त मैनपावर, प्रकाश व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाएं समय से पूर्ण की जाएंगी।
- निर्धारित स्थानों से रोडवेज, टैक्सी एवं के0एम0ओ0यू0 वाहनों द्वारा शटल सेवा संचालित करने पर सहमति बनी।
- टैक्सी चालकों द्वारा अपने वाहनों पर तथा होटल स्वामियों द्वारा अपने होटल में मोबाईल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किए जाएंगे।
- पर्यटकों के सुरक्षित आवागमन हेतु PWD प्रान्तीय खण्ड को सड़क किनारे पेड़ों की लॉपिंग एवं साफ-सफाई के निर्देश दिए गए।
- रोड सेफ्टी के दृष्टिगत पेड़ों पर रिफ्लेक्टर लगाने एवं गडप्पू से नया गांव तक क्रैश बैरियर लगाए जाने का निर्णय।
- टूटे क्रैश बैरियरों की मरम्मत, दुर्घटना संभावित स्थलों का चिह्नीकरण एवं डायवर्जन चौराहों पर बड़े फ्लैक्सी बोर्ड लगाने के निर्देश।
- भवाली से कैंची धाम तक सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने एवं सड़क पर पड़े अतिरिक्त सामग्री को हटाने के निर्देश।
- अति आवश्यक सेवाओं को छोड़कर भारी माल वाहक वाहनों का दिन में पूर्ण प्रतिबंध, रात्रि 11:00 बजे से प्रातः 06:00 बजे तक आवागमन की अनुमति दिए जाने का निर्णय लिया गया।
- स्थानीय निवासियों को लोकल पहचान पत्र दिखाने पर ही प्रवेश की अनुमति।
- 22 दिसम्बर से 07 जनवरी तक नैनीताल टोल प्लाजा पर दोनों साइड से समान यातायात संचालन के निर्देश।
- डांट तिराहे पर टोल प्लाजा से सम्बंधित निर्देशो का लाउडस्पीकर के माध्यम से एनाउंसमेंट कराया जाएगा।
- सम्पूर्ण क्षेत्र में फॉरेस्ट वाचर्स द्वारा नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए।
- बर्फबारी की स्थिति में सभी विभागों को अलर्ट रहने, बिजली, पानी, खाद्यान्न व वाहनों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी को जल संस्थान से समन्वय कर हाइड्रेंट प्वाइंट चार्ज रखने एवं विद्युत विभाग को भी अलर्ट रहने के निर्देश। - सभी होटल, रिजॉर्ट, कैफे एवं बार में अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाने के भी निर्देश दिए गए।
- किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम नंबर 9411112979 या 112 पर देने की अपील।
- स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त एम्बुलेंस तथा मेडिकल सुविधाओं को तैयारी की हालत में रखने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी के दौरान सीओ नैनीताल, सीओ हल्द्वानी, सीओ रामनगर, यातायात निरीक्षक नैनीताल, हल्द्वानी, प्रभारी निरीक्षक भवाली, यातायात प्रभारी नैनीताल, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल, थानाध्यक्ष तल्लीताल, अधिशासी अभियंता लो0नि0वि0 नैनीताल/भवाली/राष्ट्रीय राजमार्ग, नगर पालिका परिषद नैनीताल एवं भवाली के अधिशासी अधिकारी, डीएफओ नैनीताल/हल्द्वानी/रामनगर/भवाली, रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक तथा विद्युत वितरण खण्ड के अधिकारी व अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
