हरिद्वार : जिले में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रुड़की कारागार से अदालत में पेशी के लिए लाए जा रहे मेरठ के कुख्यात बदमाश विनय त्यागी पर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में विनय त्यागी को दो गोलियां लगी हैं, जबकि दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए।
घटना लक्सर क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने पुलिस वाहन को निशाना बनाते हुए अचानक फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। सीमावर्ती इलाकों में भी पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, ताकि हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि हमला सुनियोजित प्रतीत हो रहा है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। साथ ही इस पूरे मामले में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर हुई लापरवाही की भी जांच कराई जा रही है।
पुलिस के अनुसार विनय त्यागी मेरठ का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है और कुख्यात सुनील राठी गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। करीब डेढ़ महीने पहले देहरादून में उसे चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। विनय के खिलाफ रुड़की और लक्सर थानों में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
इसके अलावा विनय त्यागी और उसकी पत्नी के खिलाफ लक्सर थाने में करीब एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज है। बताया जा रहा है कि इसी मामले में उसे अदालत में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था।
