वीर बाल दिवस पर सीएम ने नैनीताल गुरुद्वारे में टेका मत्था.
नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दो दिवसीय दौरे पर नैनीताल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और वीर बाल दिवस के अवसर पर दशमेश पिता गुरु गोविंद सिंह जी तथा उनके चारों साहिबजादोंबाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की महान शहादत को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों का बलिदान न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व के इतिहास में साहस, धर्मनिष्ठा और त्याग का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा साहिबजादों की शहादत को सम्मान देने के लिए वीर बाल दिवस मनाने की घोषणा उनके बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि है। यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों तक साहिबजादों की वीरता, शौर्य और पराक्रम की गाथाओं को जीवंत बनाए रखेगा।
सीएम धामी ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के वीर साहिबजादों ने अल्पायु में ही धर्म, सत्य और न्याय की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका यह त्याग नई पीढ़ी को साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है तथा हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग और समर्पित बने रहने की शक्ति प्रदान करता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब में प्रार्थना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने विशेष रूप से बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के अद्वितीय बलिदान को याद करते हुए कहा कि दोनों साहिबजादों ने धर्म, संस्कृति और देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग किया। उन्होंने दीवार में चिनवाया जाना स्वीकार किया, लेकिन किसी भी परिस्थिति में अपने धर्म से समझौता नहीं किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साहिबजादों का यह अद्वितीय साहस और त्याग देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को इससे सीख लेनी चाहिए।

