अल्मोड़ा/रामनगर:
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट–भिकियासैंण क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भिकियासैंण–विनायक मार्ग पर द्वाराहाट से रामनगर की ओर आ रही यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में 7 यात्रियों की मौत की सूचना है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
हादसे का शिकार हुई बस कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) की बताई जा रही है, जिसका नंबर यूके 07 पीए 4025 है। जानकारी के अनुसार यह बस सोमवार सुबह 11 बजे रामनगर से द्वाराहाट नोबाड़ा के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बस द्वाराहाट नोबाड़ा से रामनगर के लिए निकली थी, लेकिन लगभग आठ बजे सैलापानी बैंड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक और परिचालक के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों तक पहुंचाने का प्रयास जारी है। प्रशासन की ओर से मृतकों की आधिकारिक पुष्टि और घायलों की संख्या को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
अल्मोड़ा के एसएसपी देवेंद्र पिंचा ने बताया कि राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं और कुछ लोगों की मौत की सूचना मिली है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल राहत-बचाव कार्य जारी है और प्रशासन की ओर से आगे की अपडेट का इंतजार किया जा रहा है।
