नैनीताल।
सोमवार दोपहर नैनीताल के तल्लीताल स्थित गांधी चौक पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पति अपनी प्रेमिका के साथ घूमते हुए पत्नी के सामने रंगे हाथ पकड़ लिया गया। कुछ ही देर में यह मामला सड़क पर हंगामे में बदल गया और आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार गाजियाबाद निवासी युवक अपनी पत्नी से छिपकर प्रेमिका के साथ नैनीताल घूमने आया था। इसी बीच पत्नी को इसकी भनक लग गई। पत्नी अपने परिजनों के साथ नैनीताल पहुंची और दोपहर के समय गांधी चौक पर पति को उसकी प्रेमिका के साथ कार में बैठे हुए देख लिया।
पत्नी को सामने देख पति और उसकी प्रेमिका घबरा गए। पत्नी ने पति से कार से बाहर निकलने को कहा, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। गुस्से में आकर पत्नी और उसके परिजनों ने कार का शीशा तोड़ दिया। इसी बीच प्रेमिका किसी तरह कार से बाहर निकली और मौके से फरार हो गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कर चौकी ले गई। चौकी में पत्नी ने पति पर दूसरी महिला से संबंध रखने और मारपीट करने के आरोप लगाए। वहीं पति ने भी पत्नी और उसके परिजनों पर हमला करने का आरोप लगाया और बताया कि दोनों के बीच तलाक का मामला पहले से ही अदालत में विचाराधीन है।
पत्नी और उसके परिजन प्रेमिका को चौकी बुलाने की मांग पर अड़े रहे, लेकिन पति के कई बार फोन करने के बावजूद प्रेमिका वहां नहीं पहुंची।
तल्लीताल थाने के एसओ मनोज नयाल ने बताया कि दंपति के बीच पहले से विवाद चल रहा है।
