नैनीताल: जनपद नैनीताल में लगातार घने कोहरे और शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। ठंड और कुहासे के कारण खासतौर पर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। इसे देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है।
छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जनपद नैनीताल में संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। आदेश के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र दिनांक 10 जनवरी 2026 और 12 जनवरी से 14 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल को निर्देश दिए गए हैं कि इस आदेश की सूचना सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के अभिभावकों तक समय पर पहुंचाई जाए। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
