नैनीताल: नैनीताल में वन विभाग व एस टी एफ की सयुक्त टीम को वन्य जीव तस्करी मामले में बड़ी सफलता मिली है । वन विभाग की टीम व एस टी एफ की टीम ने एक तस्कर को 2 गुलदार की खाल व भारी मात्र में हड्डियों जे साथ पकड़ा है। बरामद हड्डिया छेह माह पुरानी बताई जा रही है।
कार्यवाही किलबारी पंगुट मोटर मार्ग पर की गयी। प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल आकाश गंगवार और एसडीओ ममता चंद के निर्देश पर नगरपालिका रेंज और प्राणी उद्यान की टीम ने यूके एसटीएफ के साथ मिलकर घेराबंदी कर तस्कर को पकड़ा। टीम में रेंज अधिकारी ललित मोहन कार्की और आनंद लाल आर्या शामिल रहे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश सिंह कपकोटी, निवासी कपकोट, जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। वन विभाग को इस तस्करी की पहले से गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी लंबे समय से वन्यजीव अंगों की तस्करी में लिप्त रहा है।
गिरफ्तारी के बाद वन विभाग और एसटीएफ की टीमें आरोपी से गहन पूछताछ कर रही हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, साथ ही गुलदार का शिकार कब, कहां और किस जंगल क्षेत्र में किया गया।
वन विभाग ने बताया कि गुलदार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की पहली अनुसूची में शामिल है और इसका शिकार या अंगों की तस्करी एक गंभीर अपराध है। आरोपी के खिलाफ नैनीताल नगरपालिका फॉरेस्ट रेंज में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
