हल्द्वानी | 25 जनवरी 2026
नैनीताल के उभरते हुए युवा कलाकार सूर्यांश राणा ने भजन गायन के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर हल्द्वानी में आयोजित “सुर वंदिता भजन प्रतियोगिता” में उन्होंने वरिष्ठ वर्ग में शानदार प्रस्तुति देते हुए द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया।
यह प्रतियोगिता शेरदा अनपढ़ कला एवं साहित्य समिति के तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 75 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबले के बीच सूर्यांश राणा ने अपनी भावपूर्ण गायकी, सधे हुए सुरों और संगीत की गहरी समझ से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
उल्लेखनीय है कि सूर्यांश राणा बीते कई वर्षों से शास्त्रीय एवं भजन गायन में सक्रिय हैं और विभिन्न मंचों पर निरंतर सफलता प्राप्त कर रहे हैं। इससे पूर्व वे दिल्ली में आयोजित “नाद संगम प्रतियोगिता” में भी सम्मानित हो चुके हैं।
इस सफलता का श्रेय उनके पिता दिनेश राणा, माता निधि राणा के सहयोग तथा गुरु नवीन बैगाना के कुशल मार्गदर्शन को जाता है। सूर्यांश की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और कला प्रेमियों व शुभचिंतकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
