देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर सख्त रुख अपनाए हुए है। लगातार बदलते मौसम के चलते ठंड में इजाफा हो गया है। बीते दिनों हुई बारिश और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के बाद प्रदेशभर में सर्दी तेज हो गई है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं, जबकि सुबह और रात के समय ठिठुरन ज्यादा महसूस की जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन मैदानी इलाकों में कोहरा और पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों के मैदानी क्षेत्रों में हल्के से मध्यम कोहरा छाने के आसार हैं। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं घना कोहरा भी पड़ सकता है। पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर पाले की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।
राजधानी देहरादून में आज आसमान साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उधर, पर्वतीय जिलों में बर्फबारी के बाद ठंड का असर साफ नजर आ रहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में अब भी बर्फ जमी हुई है, जिससे निचले क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ गई है। सैलानी बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं, लेकिन कई जगह सड़कों पर बर्फ होने से वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ रही है। संबंधित विभाग मार्गों से बर्फ हटाने में जुटे हुए हैं, ताकि आवागमन सुचारू बना रहे।

