हल्द्वानी में सीएम धामी की पत्रकार वार्ता.
हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार दोपहर करीब दो बजे हल्द्वानी पहुंचे। यहां एक निजी होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने केंद्रीय बजट 2026 को उत्तराखंड के लिए खास बताते हुए इसे विकसित भारत की मजबूत नींव करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है, जिससे स्थायी रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
सीएम धामी ने बताया कि अगले माह राज्य का बजट पेश किया जाएगा, इसके लिए सरकार प्री-बजट चर्चाओं में जुटी है। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट देश की दिशा और विकास की गति तय करने वाला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दी गई है और नारी शक्ति को इसका केंद्र बनाया गया है। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी कई प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में इकोलॉजी और इकोनॉमी के संतुलन के साथ विकास को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पर्यटन और परिवहन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में ट्रेकिंग ट्रेल्स को बढ़ावा मिलने से पर्यटन को गति मिलेगी। उड़ान योजना के विस्तार से हवाई और अन्य परिवहन सुविधाएं मजबूत होंगी, जिसका लाभ टियर-2 और टियर-3 शहरों को मिलेगा। पर्यटन क्षेत्र को सशक्त करने के लिए होटल मैनेजमेंट और कैटरिंग से जुड़े संस्थानों की भूमिका अहम होगी।
रेलवे को मिले बजट पर मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड को 4,769 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है, जो पहले की तुलना में कई गुना अधिक है। इससे राज्य में रेल कनेक्टिविटी और आवागमन बेहतर होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्द्वानी और तराई-भाभर क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है। वर्ष 2017 में स्वीकृत 2200 करोड़ रुपये से सीवर, पेयजल और सौंदर्यकरण से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं। जमरानी बांध परियोजना को स्वीकृति मिलने से क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा।
उन्होंने पंतनगर एयरपोर्ट के विकास, खुरपिया में इंडस्ट्रियल सिटी, किच्छा में सैटेलाइट एम्स, कैंची धाम बाईपास और विभिन्न सड़क व रोपवे परियोजनाओं का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से रोजगार, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
इस मौके पर भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।
