हल्द्वानी: लामाचौड़ क्षेत्र में जेवर बनाने और रिपेयरिंग के नाम पर लोगों से सोना और नकदी लेकर एक ज्वैलर के फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने मंगलवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ितों के अनुसार, गुनीपुर (लामाचौड़) में ताड़ीखेत (अल्मोड़ा) निवासी एक व्यक्ति ने ज्वैलर्स की दुकान खोली थी। उसने नए गहने बनाने, पुराने आभूषण चमकाने और हॉलमार्किंग के नाम पर 228.23 ग्राम सोना और करीब 3.60 लाख रुपये नकद व ऑनलाइन भुगतान के रूप में लिए। छह फरवरी से दुकान पर ताला लटका है और ज्वैलर का मोबाइल फोन भी बंद है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वे सोमवार को मुखानी थाने में तहरीर देने पहुंचे थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि ज्वैलर की पत्नी ने आठ फरवरी को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है, जिससे मामले पर संदेह और गहरा गया है।
पीड़ितों में पूरन सिंह बोरा, बसंती देवी, निर्मला निगल्टिया, हेमलता दानू और पुष्पा कन्याल समेत अन्य लोग शामिल हैं। इनका कहना है कि आरोपी ने कान की बाली, कंगन समेत अन्य जेवरात बनवाने के नाम पर सोना और नकदी ली थी।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मामले की जांच के लिए मुखानी थाना पुलिस को टीम गठित कर आरोपी की तलाश के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है।
