हल्द्वानी: बरेली रोड स्थित नवीन मंडी की गल्ला मंडी में गुरुवार सुबह दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। यहां एक युवक और एक युवती के शव संदिग्ध हालत में पड़े मिले। दोनों की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या किए जाने की आशंका है।
सुबह मंडी पहुंचने पर लोगों ने शव देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया।
मौके से युवक की दो पहचान पत्र (आईडी) बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक चंपावत जिले का निवासी बताया जा रहा है। युवती की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
दोहरे हत्याकांड की खबर से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
