
नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल में नव वर्ष का स्वागत जश्न हर्ष और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों ने 2024 को अलविदा कहकर 2025 का स्वागत किया। नए साल 2025 के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंचे।
इस दौरान पर्यटकों ने नैनीताल में खूब मौज मस्ती की। 31 दिसंबर को दिनभर नगर में घूमने के बाद रात को नगर के बड़े होटलों में गीत और संगीत के मनोरंजन कार्यक्रमों में पर्यटक थिरकते हुए नजर आए। जैसे ही घड़ी की सुई रात के 12 बजे पर पहुंची तो पर्यटकों के साथ ही नगरवासियों ने वेलकम 2025 कहा एक दूसरे को बधाई और शुभकामनाएं दी।
एक अन्य बड़े होटल में लाइव संगीत के सुरों में जश्न मनाया गया। गाला डिनर के साथ डीजे की व्यवस्था की गई। होटल के जीएम सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि आधा दर्जन से अधिक मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए। इधर नैनी एक होटल में म्यूजिकल पार्टी का आयोजन शानदार रहा। होटल के जीएम डीएस जीना के अनुसार म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता के साथ वृद्धों और बच्चों के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वहीं नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने नैनीताल की शान कही जाने वाली मालरोड तथा ठंडी सड़क समेत नगर के कई हिस्सों को रंग बिरंगी विद्युत मालाओं से सजाया हुआ था। इससे सरोवर नगरी का सौंदर्य निखर उठा था।नगर के कई होटल विद्युत मालाओं से सजे हुए थे। नव वर्ष के स्वागत में दुल्हन की तरह पूरी सरोवर नगरी सही हुई है।