रुद्रप्रयाग: जिले के तिलवाड़ा क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां किराये के कमरे में नेपाली मूल की महिला और उसके नौ वर्षीय बेटे के सड़े-गले शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे हत्या का मामला मान रही है, जबकि महिला का पति घटना के बाद से लापता बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार तिलवाड़ा के सुमाड़ी क्षेत्र में विद्युत कॉलोनी के पास बस्ती से कुछ दूरी पर नेपाल मूल का दीपक बहादुर अपनी पत्नी कमला शाही (34 वर्ष) और नौ वर्षीय बेटे रोशन सिंह के साथ पिछले करीब पांच वर्षों से किराये के कमरे में रह रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार लंबे समय से यहीं रहकर आसपास के लोगों के साथ सामान्य जीवन जी रहा था।
एक सप्ताह से बंद था कमरा
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से कमरे का दरवाजा बंद था। शुरुआत में किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन कुछ दिन बाद मकान मालिक को कमरे से तेज बदबू आने लगी। बदबू लगातार बढ़ने पर अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि कमरे के बाहर से ताला लगा हुआ था। संदेह के आधार पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग स्तब्ध रह गए। कमरे के भीतर महिला और उसके बेटे के शव पड़े हुए थे, जो कई दिन बीत जाने के कारण बुरी तरह सड़ चुके थे।
पति पर गहराया शक
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मां-बेटे की हत्या की आशंका जताई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि घटना के बाद से महिला का पति दीपक बहादुर लापता है। पुलिस को शक है कि वह इस मामले से जुड़ा हो सकता है, इसलिए उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सुरेश चंद्र बलूनी के अनुसार मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस फरार पति की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
