हल्द्वानी: जनपद में घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर संभावित दिक्कतों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। वैश्विक परिस्थितियों के कारण गैस सप्लाई प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने गैस वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए नए निर्देश जारी किए हैं।
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार अब जिले की सभी गैस एजेंसियां घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण सीधे अपने परिसर से नहीं करेंगी। इसके बजाय उपभोक्ताओं को डोर-टू-डोर वितरण प्रणाली के माध्यम से घर-घर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जारी किया गया है।
प्रशासन के मुताबिक ऑनलाइन बुकिंग, डीएसपी और ओटीपी जैसी प्रक्रियाओं में अत्यधिक फोन कॉल आने से तकनीकी समस्याएं पैदा हो रही हैं। इसके कारण बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, जिससे वहां भीड़ बढ़ रही है और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने की आशंका बन रही है।
इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचाकर सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और आसान तरीके से गैस मिल सके।
साथ ही प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या मोबाइल ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए ही गैस एजेंसी पहुंच सकते हैं। बुकिंग होने के बाद एजेंसी द्वारा नियमानुसार सिलेंडर उपभोक्ता के घर तक पहुंचाया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं और डोर-टू-डोर वितरण व्यवस्था का लाभ उठाएं, ताकि पूरे जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे।
