हल्द्वानी: शहर में ठगी और झपटमारी का एक अजीब मामला सामने आया है। रोडवेज बस स्टेशन के पास एक युवक ने भूख लगने का बहाना बनाकर एक व्यक्ति से मदद मांगी और बाद में उसका मोबाइल छीनकर गूगल पे के जरिए 42 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम टीमर, बडौन खनस्यू, 9 मार्च को रोडवेज बस स्टेशन के पास पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें एक युवक मिला, जिसने खुद को भूखा बताते हुए खाना खिलाने की गुजारिश की।
मानवता दिखाते हुए हरेंद्र सिंह उसे पास के एक ढाबे में ले गए और खाना खिलाया। ढाबे में उन्होंने भुगतान Google Pay के जरिए किया। इसी दौरान आरोपी युवक ने उनका पिन देख लिया।
इसके बाद मौका मिलते ही युवक ने हरेंद्र के हाथ से मोबाइल छीन लिया और वहां से फरार हो गया। हरेंद्र सिंह ने उसका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आया।
बाद में जब उन्होंने अपना बैंक खाता चेक किया तो पता चला कि मोबाइल के जरिए उनके खाते से 42 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं।
मामले में विजय मेहता, कोतवाल हल्द्वानी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
