नैनीताल: जनपद में 21 मार्च को वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। भारत सरकार के रक्षा मंत्री Rajnath Singh एक दिवसीय दौरे पर नैनीताल और हल्द्वानी पहुंचेंगे, जहां वे सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के हीरक जयंती समारोह और हल्द्वानी में आयोजित जनसभा में हिस्सा लेंगे।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि रक्षा मंत्री सुबह 11:15 बजे घोड़ाखाल हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोपहर में हल्द्वानी पहुंचकर एमबी इंटर कॉलेज मैदान में उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने पर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह बरेली के त्रिशूल एयरफोर्स स्टेशन के लिए रवाना होंगे।
शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदली
रक्षा मंत्री के दौरे को देखते हुए 21 मार्च को सुबह 10 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक हल्द्वानी शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा।
-
भारी वाहनों पर सख्त रोक: सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक शहर में किसी भी प्रकार के भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। खनन गेट भी बंद रहेंगे।
-
बसों के लिए रूट तय: रोडवेज और निजी बसों को अलग-अलग मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली बसों को गोलापार और तीनपानी होते हुए शहर में एंट्री दी जाएगी।
-
छोटे वाहनों के लिए डायवर्जन: बरेली, रामपुर, कालाढूंगी और नैनीताल रोड से आने वाले वाहनों को अलग-अलग बाईपास और वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
कई इलाके रहेंगे ‘जीरो जोन’
वीआईपी कार्यक्रम के दौरान नैनीताल बैंक तिराहा से सौरभ होटल तिराहा तक पूरी तरह से जीरो जोन रहेगा। इस क्षेत्र में किसी भी वाहन की एंट्री नहीं होगी। शहर के कई अन्य प्रमुख कट और चौराहों से भी ट्रैफिक पूरी तरह रोका जाएगा।
रैली के लिए अलग पार्किंग प्लान
जनसभा में आने वाली बसों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग तय की गई है।
-
बरेली रोड से आने वाली बसें गांधी इंटर कॉलेज ग्राउंड में पार्क होंगी।
-
रामपुर रोड की बसें एचएन इंटर कॉलेज ग्राउंड में खड़ी की जाएंगी।
-
काशीपुर, रामनगर और कालाढूंगी से आने वाले वाहनों के लिए मुखानी और आसपास के क्षेत्रों में पार्किंग तय की गई है।
-
नैनीताल और भीमताल की ओर से आने वाली बसों के लिए एलआईसी और अन्य निर्धारित स्थानों पर पार्किंग होगी।
पहाड़ी मार्गों पर भी सख्ती
भारी वाहनों का डायवर्जन (यथा मालवाहक/यात्री वाहन)
1- वीआईपी भ्रमण के दौरान हल्द्वानी की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहनों को भीमताल मोड (काठगोदाम )से वाया ज्यौलीकोट- गेठिया- भवाली नया बाईपास से होकर भेजा जायेगा।
2- पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहनों को भवाली नया बाईपास- गेठीया- ज्यौलीकोट से होकर भेजा जायेगा।
छोटे वाहनों का डायवर्जन –
1- वीआईपी भ्रमण के दौरान हल्द्वानी की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के छोटे वाहनों को भीमताल मोड (काठगोदाम) से वाया ज्यौलीकोट- गेठिया- भवाली नया बाईपास से होकर भेजा जायेगा।
2- पर्वतीय क्षेत्रो से हल्द्वानी की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के छोटे वाहनों को भवाली नया बाईपास- गेठीया- ज्यौलीकोट होकर भेजा जायेगा।
3- पिथौरागढ/चम्पावत की ओर से आने वाले समस्त प्रकार के वाहनों को वीवीआईपी मूवमेंट के 15 मिनट पहले खुटानी बैण्ड से 200मी0 पीछे की ओर रोका जायेगा तथा वीवीआईपी के अपने गंतव्य स्थान पर पहुचने के उपरान्त उक्त वाहनों को छोडा जायेगा।
4- वीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कंटीजेन्सी मार्ग भीमताल मार्ग पर समस्त प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। जब वीवीआईपी फ्लीट घोडाखाल स्कूल से हल्द्वानी के लिए प्रस्थान करेगी भवाली/भीमताल मोटर मार्ग में जीरो जोन किया जाएगा।
5- घोड़ाखाल,रामगढ़ की ओर से आने वाले वाहन जो हल्द्वानी अन्य मैदानी जनपदों को जाना चाहते है उन्हे वाया ज्यौलीकोट मोटर मार्ग से गंतव्य हेतु भेजा जायेगा।
6- वीवीआईपी के गंत्वय स्थान पर पहुंचने के उपरान्त यातायात को सामान्य किया जाएगा।
7- आमजनमानस से अनुरोध है कि उक्त तिथि को असुविधा से बचने के लिए दिये गये ट्रैफिक प्लान का अनुसरण कर अपनी यात्रा का सुभारंभ करें।
पार्किंग व्यवस्था-
1- उच्चाधिकारियों के वाहनो की पार्किंग घोडाखाल सैनिक स्कूल भोजनालय के पास स्थित मैदान मे की जायेगी।
2- जनता के वाहनों हेतु पार्किंग घोडाखाल मन्दिर के पास स्थित मैदान में की जायेगी।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि 21 मार्च को यात्रा करने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर देखें और उसी के अनुसार अपने सफर की योजना बनाएं, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
