उत्तराखंड मौसम अपडेट
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादलों का डेरा है और प्रदेशभर में बारिश व बर्फबारी का दौर जारी है। शुक्रवार को भी अधिकतर इलाकों में मौसम खराब बना रहा। जहां पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, वहीं मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई।
केदारनाथ, पिथौरागढ़ समेत ऊंचाई वाले कई क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है। चारधाम और ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई, जबकि निचले इलाकों में शाम के समय झमाझम बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव के कारण कई जिलों में अधिकतम तापमान एक से सात डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है। 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी के साथ तेज गर्जन, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इसके अलावा हरिद्वार, उधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और चम्पावत जिलों में भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में गर्जन के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
