देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बड़ा राजनीतिक कदम उठाते हुए आज धामी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में पांच विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। इसे लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हालांकि, नए मंत्रियों के नाम अभी तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
साल 2022 में विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कुल 9 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी। उसी समय से तीन पद खाली चल रहे थे। बाद में परिवहन मंत्री चंदन रामदास के निधन और फिर वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद कुल पांच पद खाली हो गए थे।
पिछले काफी समय से मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा चल रही थी, लेकिन अब इसे अमल में लाया जा रहा है। खास बात यह है कि 23 मार्च को राज्य सरकार अपने चार साल पूरे करने जा रही है, जबकि 21 मार्च को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भी उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में उससे पहले मंत्रिमंडल विस्तार को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस विस्तार के जरिए सरकार क्षेत्रीय, जातीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश करेगी। खासतौर पर महिलाओं और युवाओं को प्रतिनिधित्व देने पर जोर रहेगा, ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन और सरकार दोनों मजबूत स्थिति में नजर आएं।
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, यह विस्तार आगामी चुनावों की रणनीति का अहम हिस्सा है, जिससे सरकार जनता के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
