देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा बदलाव करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया है। शुक्रवार सुबह लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पांच विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही अब धामी मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
नए मंत्रियों में मदन कौशिक, भरत चौधरी, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा और खजान दास शामिल हैं। सभी को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। यह विस्तार ऐसे समय में किया गया है जब राज्य सरकार अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे करने के करीब है और 2027 के विधानसभा चुनाव भी सामने हैं।
दरअसल, वर्ष 2022 में सरकार बनने के बाद से ही मंत्रिमंडल के कई पद खाली चल रहे थे। परिवहन मंत्री चंदन रामदास के निधन और बाद में वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के चलते मंत्रियों की संख्या और कम हो गई थी। ऐसे में पांच पद लंबे समय से खाली थे, जिन्हें अब भर दिया गया है।
सरकार इस विस्तार को चुनावी रणनीति के रूप में देख रही है। माना जा रहा है कि नए चेहरों के जरिए क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने के साथ-साथ युवाओं और विभिन्न वर्गों को साधने की कोशिश की गई है।
नए मंत्रियों में रुद्रप्रयाग से भरत चौधरी, रुड़की से प्रदीप बत्रा, हरिद्वार से मदन कौशिक, राजपुर से खजान दास और भीमताल से राम सिंह कैड़ा को प्रतिनिधित्व मिला है। इससे साफ है कि सरकार ने अलग-अलग क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए संतुलन बनाने की कोशिश की है।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब सरकार की नजर आगामी चुनावी तैयारियों पर है, जहां संगठन और सरकार मिलकर जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम करेंगे।
