प्रतीकात्मक तस्वीर.
हल्द्वानी : हल्द्वानी में एक 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव पीलीकोठी क्षेत्र स्थित एक खंडहर में मिला, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया। प्रारंभिक जानकारी में नशे के इंजेक्शन के ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक, कुसुमखेड़ा हरीपुर नायक भूमिया विहार फेस-2 निवासी शुभ दीवाकर हाल ही में दिल्ली से अपने घर लौटा था, जहां वह एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी था। बुधवार शाम वह अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद मिला।
गुरुवार शाम युवक के दोस्त की बहन ने सूचना दी कि शुभ पीलीकोठी के खंडहर में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी मौत अस्पताल पहुंचने से कई घंटे पहले हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, युवक के शरीर पर इंजेक्शन के निशान मिले हैं, जिससे ओवरडोज की आशंका मजबूत हो रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का खुलासा हो सकेगा।
